Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

राहुल गांधी का व्यवहार लोकतंत्र और नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा के खिलाफ: मदन राठौड़

जयपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया प्रदर्शनों के दौरान कथित व्यवहार की आलोचना करते हुए मंगलवार को कहा कि यह लोकतंत्र और नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा के खिलाफ है।

राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने की आजादी है, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों और महिला पत्रकारों के साथ राहुल गांधी के व्यवहार की जो बातें सामने आई हैं, वे चिंताजनक और निंदनीय हैं।

उन्होंने कहा कि राजनीति में नेताओं का आचरण आदर्श, मर्यादित और जिम्मेदार होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पद अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इस पद पर बैठे व्यक्ति के व्यवहार में भी गरिमा और गंभीरता दिखाई देनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष के नेताओं का व्यवहार लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप होना चाहिए। वे खुद भी वर्षों तक विपक्ष में रहे हैं और विपक्ष के नेताओं का आचरण लोकतंत्र में मापदंड तय करता रहा है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का लगातार उल्लंघन देश के लिए खतरा है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा, ‘‘उन्हें अपने राजनीतिक अनुभव का इस्तेमाल कांग्रेस नेताओं को सही सलाह देने में करना चाहिए। गलत व्यवहार का समर्थन करने के बजाय संबंधित नेता को अपनी गलती स्वीकार कर उसमें सुधार करने की सलाह दी जानी चाहिए।’’

राठौड़ ने तंज कसते हुए कहा कि कहीं गहलोत की मंशा राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की छवि खराब होने के बाद खुद पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की तो नहीं है।

उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोई राजनीतिक पार्टी अधिकारियों के भरोसे नहीं चलती। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं और जनाधार के दम पर राजनीति करती है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर विपक्ष के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार अपराध के मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। अपराध होने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करती है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाती है। कानून सबके लिए समान है और किसी दोषी को बचाने का प्रयास नहीं किया जाएगा।

पंचायत चुनाव को लेकर राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। पार्टी के कार्यकर्ता, विधायक, सांसद और स्थानीय नेता जनता के बीच जाकर सरकार के कार्यों और पार्टी की नीतियों का प्रचार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक साथ चुनाव कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। चुनाव कई चरणों में होने के कारण वरिष्ठ नेताओं को प्रचार के लिए सीमित समय मिल सकता है, लेकिन भाजपा का संगठन मजबूत है और स्थानीय कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से प्रचार करेंगे।

राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया है और पंचायत चुनाव में भी उसे जनता का समर्थन मिलने की उम्मीद है। पार्टी ने जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर प्रत्याशियों का चयन किया है। टिकट नहीं मिलने वाले कार्यकर्ताओं को भी संगठन में उचित जिम्मेदारियां दी जाएंगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

भाषा बाकोलिया सुरभि

सुरभि

सुरभि