अबूधाबी (यूएई) 13 अक्टूबर (एपी) सेदीकुल्लाह अटल के पहले टेस्ट शतक की बदौलत अफगानिस्तान ने मंगलवार को बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच ड्रॉ करा लिया।
अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में 142 ओवर तक बल्लेबाजी की, जिसमें पांचवें और अंतिम दिन 92 ओवर खेले। इस दौरान टीम विपरित परिस्थितियों के बावजूद हार टालने में सफल रही।
दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 132 रन के स्कोर से करने वाली अफगानिस्तान की टीम ने पांच और विकेट गंवाए लेकिन अंत तक संघर्ष करते हुए आठ विकेट पर 346 रन बना लिए और मैच ड्रॉ कराने में सफल रही।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाले बांग्लादेश ने शुरुआती चार दिनों तक मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा था। टीम ने पहली पारी में 106 रन की बढ़त हासिल की और फिर दूसरी पारी सात विकेट पर 372 रन बनाकर घोषित कर दी। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ लिटन दास ने 102 रन की शतकीय पारी खेली। इससे बांग्लादेश को कुल 478 रन की विशाल बढ़त मिली और अफगानिस्तान को ऑलआउट करने के लिए चार से अधिक सत्र का समय भी मिला।
सोमवार को शुरुआती सात ओवरों में ही दो विकेट गंवाने के बावजूद अफगानिस्तान ने मजबूत जज्बा दिखाया। पहला विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने आये अटल ने साढ़े आठ घंटे तक बल्लेबाजी करते हुए 332 गेंदों का सामना किया और 111 रन बनाए। अपना तीसरा टेस्ट खेल रहे अटल चौथी पारी शतक लगाने वाले अफगानिस्तान के पहले बल्लेबाज बन गये। वह दिन के आखिरी सत्र में टीम के सातवें बल्लेबाज के तौर पर आउट हुये।
अटल के आउट होने के बाद भी अफगानिस्तान के सामने 23 ओवर निकालने की चुनौती थी लेकिन 34 वर्षीय यामिन अहमदजई ने 85 गेंदों का सामना करते हुए 19 रन बनाए। आठ देशों में फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल चुके कैस अहमद ने 80 गेंदें खेलकर नाबाद 49 रन की अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। दसवें नंबर के बल्लेबाज जिया-उर-रहमान ने भी 12 गेंदों का सामना कर टीम का साथ दिया।
बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने इस मैच में नौ खिलाड़ियों को आउट करने में योगदान देने के साथ एक शतक और एक अर्धशतक भी लगाया। इस तरह उन्होंने एक ही टेस्ट में विकेटकीपर के तौर पर नौ शिकार, शतक और अर्धशतक का अनोखा रिकॉर्ड बनाया। वह एक और विकेट में योगदान दे सकते थे, लेकिन अटल के 70 रन पर रहते हुए उनका मुश्किल स्टंपिंग का मौका चूक गया।
एपी
आनन्द सुधीर
सुधीर