Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

थाने में आरएसएस पदाधिकारी से मारपीट के मामले में राजस्थान मानवाधिकार आयोग ने जांच के निर्देश दिए

जयपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग ने जयपुर ग्रामीण जिले के नरैना थाने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक पदाधिकारी से कथित मारपीट के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए सीसीटीवी फुटेज, पुलिस रिकॉर्ड और घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति जीआर मूलचंदानी ने मंगलवार को जारी आदेश में जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, जयपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक और जयपुर जिला मजिस्ट्रेट को संबंधित रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

आयोग ने 11 अक्टूबर सुबह आठ बजे से 12 अक्टूबर सुबह आठ बजे तक की थाने की सीसीटीवी फुटेज और इस अवधि की जनरल डायरी की प्रमाणित प्रति मांगी है। साथ ही घायल व्यक्ति के मेडिकल रिकॉर्ड और इस अवधि में उसके खिलाफ दर्ज किसी मामले या की गई निरोधात्मक कार्रवाई का ब्योरा भी मांगा है।

आरएसएस के जिला प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ नरैना थाने में कथित रूप से मारपीट की गई, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया।

आयोग ने कहा कि पुलिस हिरासत में किसी व्यक्ति से मारपीट के आरोप गंभीर हैं और केवल संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित करना पर्याप्त नहीं लगता। गैरकानूनी आचरण के दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। जांच के निष्कर्षों के आधार पर उन्हें सेवा से बर्खास्त भी किया जा सकता है।

आयोग ने पुलिस महानिरीक्षक को पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी से मामले की जांच कराने और अपनी टिप्पणी के साथ लिखित रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात पुलिसकर्मियों और आरएसएस से जुड़े दो लोगों के बीच विवाद के बाद दोनों को नरैना थाने लाया गया था, जहां उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। घटना के बाद थाना प्रभारी उमराव गुर्जर सहित संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया और मारपीट के आरोप में पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

इस बीच, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचकर घायल आरएसएस पदाधिकारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।’’

दीया कुमारी ने कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष को अपने शासनकाल के हालात भी याद रखने चाहिए।

भाषा बाकोलिया सुरभि

सुरभि