भुवनेश्वर, 13 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को शहरी गरीबों के लिए दो किफायती आवास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 'प्रधानमंत्री आवास योजना-अर्बन बंधु' के तहत किराये के घर की सुविधा प्रदान करने के लिए आवासीय परिसर की आधारशिला रखी।
दोनों परियोजनाओं - घाटिकिया में 'नीलकंठेश्वर निबास' और भुवनेश्वर के गडाकन में 'मुक्तेश्वर रेजीडेंसी' - में 161.48 करोड़ रुपये की संयुक्त लागत से निर्मित 1,608 किफायती आवास इकाइयां शामिल हैं।
माझी ने राज्य की राजधानी और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए खेल और सेहत से जुड़ी गतिविधियों के वास्ते आधुनिक सुविधाओं वाले खेल के 12 मैदानों का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम ऐसा भुवनेश्वर बनाना चाहते हैं जहां गरीब परिवार सम्मान के साथ रह सके, मजदूरों को किफायती घर मिल सके, युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकें और हर नागरिक एक स्वस्थ और बेहतर जीवन जी सके।’’
उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को भोजन, आवास और वस्त्र उपलब्ध कराने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृष्टि को साकार करने के लिए किफायती आवास निर्मित किये जा रहे हैं।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश