Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

भारतीय नौसेना के बेड़े का हिस्सा बनेगा स्वदेशी बहुउद्देश्यीय युद्धपोत ‘समर्थक’

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अभियान चलाने के लिए विशेष रूप से तैयार हथियारों और इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियों से लैस स्वदेशी बहुउद्देश्यीय युद्धपोत ‘समर्थक’ को 16 अक्टूबर को भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि युद्धपोत ‘समर्थक’ को नौसेना के बेड़े में शामिल करना भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। यह पोत नौसेना के भविष्य के रणनीतिक अभियानों के लिए एक आदर्श ‘‘बहुउद्देश्यीय पोत’’ साबित होगा।

भारतीय नौसेना कर्नाटक में कारवार स्थित नौसैनिक अड्डे पर इस युद्धपोत को अपने बेड़े में शामिल करेगी।

केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड द्वारा निर्मित, ‘समर्थक’ युद्धपोत भारतीय नौसेना में शामिल होने वाले चार बहुउद्देश्यीय जहाजों में पहला पोत है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘मुख्य रूप से समुद्री निगरानी और गश्त के लिए तैयार किया गया समर्थक, कम तीव्रता वाले समुद्री संचालन, लक्ष्य तैनाती और परीक्षण प्लेटफॉर्म, मानवरहित स्वायत्त प्रणाली मदरशिप, मानवीय सहायता और आपदा राहत तथा सीमित अस्पताल में रूपांतरित होने और बचाव कार्यों में सक्षम है।’’

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि स्वदेशी हथियारों, सेंसर, रडार और इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियों से लैस यह पोत विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण समुद्री वातावरण में संचालन के लिए सर्वथा उपयुक्त है।

बयान के अनुसार, ‘समर्थक’ पोत के शिखर पर लहरों से निकलने वाले दुर्जेय भारतीय हाथी को दर्शाया गया है, जो शक्ति, बुद्धिमत्ता और चपलता का प्रतीक है। इस युद्धपोत का आदर्श वाक्य है: ‘‘विजयार्थम् एकनिष्ठता’’ अर्थात विजय ही हमारा एकमात्र उद्देश्य है।

भाषा आशीष सुरेश

सुरेश