बारीपदा, 13 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा पुलिस ने मयूरभंज जिले में एक सरकारी आवासीय स्कूल के प्रधानाचार्य को छठी कक्षा की एक छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि कथित घटना 25 सितंबर को रारुआं थाना क्षेत्र में अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) विकास विभाग की ओर से संचालित एक आश्रम स्कूल में हुई, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना सोमवार को दी गई।
अधिकारी के मुताबिक, प्रधानाचार्य श्रीकृष्ण पात्रा ने छठी कक्षा की एक छात्रा को अपने कार्यालय में बुलाया और कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने छात्रावास की दो महिला वार्डन को घटना के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन आरोप है कि उन्होंने मामले को दबाने की कोशिश की।
उसने बताया कि प्रधानाचार्य की कथित करतूत का पता तब चला, जब पीड़िता ने सोमवार को फोन पर अपने माता-पिता को इस बारे में बताया।
रारुआं थाना प्रभारी निरीक्षक अनादि चरण पत्तायत ने बताया कि पीड़िता के पिता से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्रधानाचार्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पत्तायत ने बताया कि प्रधानाचार्य को सोमवार को बारीपदा से गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश