नलबाड़ी (असम), 13 अक्टूबर (भाषा) भाजपा की असम इकाई ने मंगलवार को विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन द्वारा आंदोलन, राजनीतिक उकसावे और न्यायपालिका तथा संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बेबुनियाद आरोपों के ज़रिए देश को अस्थिर करने के कथित प्रयासों के विरोध में नलबाड़ी से राज्यव्यापी 'जन जागरण पदयात्रा' की शुरुआत की।
पार्टी की राज्य इकाई की प्रवक्ता मीता नाथ बोरा ने कहा कि इस राज्यव्यापी अभियान का उद्देश्य मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करके राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कांग्रेस की कथित कोशिशों के खिलाफ जनमत जुटाना है।
नलबाड़ी में आयोजित जुलूस में भाजपा की असम इकाई के अध्यक्ष दिलीप सैकिया, प्रदेश के संगठन महामंत्री रवींद्र राजू, राज्य के कैबिनेट मंत्री जयंत मल्ला बरुआ, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सत्तारूढ़ दल के सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बोरा ने एक बयान में कहा, ‘‘पार्टी का मानना है कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और जनता के जनादेश का सम्मान सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूचियों का सटीक होना आवश्यक है।’’
उन्होंने कहा कि ‘जन जागरण पदयात्रा’ बुधवार को गुवाहाटी में निकाली जाएगी। इसके बाद राज्यव्यापी अभियान के तहत सिलचर, तेजपुर, बारपेटा, जोरहाट और डिब्रूगढ़ सहित अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
उन्होंने चुनाव परिणामों पर कांग्रेस की आपत्तियों को ‘चुनिंदा’ करार देते हुए कहा कि इसी निर्वाचन आयोग के तहत कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने भी चुनावों में जीत हासिल की है।
उन्होंने झारखंड, केरलम और तमिलनाडु जैसे राज्यों में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकारों के गठन का हवाला दिया।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप