दुबई, 13 अक्टूबर (भाषा) भारत ने मंगलवार को सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को सलाह दी कि वे शांत रहें और खाड़ी देश में बदलती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतें।
सऊदी अरब को यमन के ईरान-समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से आम नागरिकों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे घातक ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय दूतावास ने अपने नवीनतम परामर्श में कहा, “वर्तमान स्थिति को देखते हुए, सऊदी अरब में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों को शांत और सतर्क रहने, हवाई हमले की स्थिति में घरों के अंदर रहने और स्थानीय अधिकारियों द्वारा आधिकारिक चैनलों के माध्यम से जारी किए गए निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है।”
मिशन ने भारतीय नागरिकों को यह सलाह भी दी कि वे ‘मौजूदा घटनाओं से जुड़े किसी भी वीडियो या खबर का प्रसार या रीपोस्ट करने से बचें।”
रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और 11 भारतीयों समेत कई लोग घायल होने के बाद यह परामर्श जारी किया गया है।
सऊदी अरब में भारत के राजदूत ने हमले में मारे गए मोहम्मद यूसुफ अली के अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
भारतीय दूतावास ने कहा, “रियाद हवाईअड्डे पर हमले में जान गंवाने वाले दिवंगत मोहम्मद यूसुफ अली का अंतिम संस्कार उनके परिवार की इच्छा के अनुसार 12 अक्टूबर, 2026 को रियाद में संपन्न हुआ। अंतिम संस्कार में राजदूत और दूतावास के अधिकारी शामिल हुए।”
उसने बताया कि घायलों में से चार लोग अब भी आईसीयू में हैं, चार लोगों का इलाज सामान्य वार्ड में किया जा रहा है, जबकि तीन लोगों को छुट्टी दे दी गयी है।
दूतावास ने कहा, “दूतावास के अधिकारी उन अस्पतालों का दौरा कर रहे हैं जहां घायल भारतीय नागरिकों का इलाज किया जा रहा है; वे उनके परिवार के सदस्यों के लगातार संपर्क में हैं और हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।”
रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर परिचालन रोके जाने के बारे में भारतीय मिशन ने कहा कि जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (जीएसीए) ने परिचालन रोकने की घोषणा की है।
उसने कहा, “दम्माम, जेद्दा और मदीना जैसे अन्य प्रमुख हवाईअड्डों पर उड़ान संचालन जारी है, लेकिन इसमें कुछ रुकावटें आ रही हैं।”
भारतीय एयरलाइंस ने भी सऊदी अरब के लिए अपनी सेवाएं रोक दी हैं।
दूतावास ने कहा, “13 अक्टूबर (सऊदी समय) को अपराह्न 1:45 बजे मिली जानकारी के अनुसार, रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए और वहां से एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान सेवाएं 17 अक्टूबर, 2026 तक रोक दी गई हैं। 13 अक्टूबर (सऊदी समय) को सुबह 9:00 बजे मिली जानकारी के अनुसार, अकासा एयर ने भी रियाद और जेद्दा के लिए और वहां से अपनी उड़ान सेवाएं 17 अक्टूबर, 2026 तक रोक दी हैं।”
उसने कहा, “13 अक्टूबर को पूर्वाह्न 09:40 बजे (सऊदी समय) मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस ने रियाद, दम्माम, जेद्दा और मदीना के लिए और वहां से आने-जाने वाली अपनी उड़ान सेवाओं को 17 अक्टूबर, 2026 तक के लिए रोक दिया है।”
सउदिया एयरलाइंस की तय उड़ानें दम्माम, जेद्दा और मदीना से संचालित हो रही हैं। एयरलाइन ने बताया कि फ्लाईनास दम्माम-लखनऊ रूट पर तय उड़ानें संचालित कर रही है।
दूतावास ने कहा, “आपातकालीन स्थिति में सऊदी अरब से बाहर जाने के इच्छुक भारतीय नागरिक पड़ोसी खाड़ी देशों, खासकर कतर और बहरीन के हवाई अड्डों से उपलब्ध उड़ानों का लाभ उठा सकते हैं। हालांकि, ध्यान दें कि इसके लिए संबंधित देश के नियमों के अनुसार वीजा प्राप्त करना जरूरी होगा।”
भारतीय मिशन ने कहा है कि सऊदी अधिकारी उन भारतीय नागरिकों पर जुर्माना नहीं लगाएंगे जो भ्रमण, पर्यटन, उमराह या व्यापार वीजा पर सऊदी अरब आए थे, लेकिन विमान न मिलने की वजह से उन्हें तय समय से ज्यादा वहां रुकना पड़ा।
उसने कहा, “हालांकि, यह जरूरी है कि जिन लोगों की वीजा अवधि खत्म हो गयी है, वे उड़ान उपलब्ध होते ही जल्द से जल्द देश से बाहर चले जाएं।”
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश