Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

अंकुर भट्टाचार्जी और दीया चितले बने राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के विजेता

पंचकूला, 13 अक्टूबर (भाषा) अंकुर भट्टाचार्जी और दीया चितले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को यहां ताऊ देवी लाल इंडोर हॉल में आयोजित दूसरी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में क्रमशः पुरुष और महिला एकल के खिताब अपने नाम किए।

पुरुष एकल के फाइनल में भट्टाचार्जी ने महाराष्ट्र के रेगन अल्बुकर्क को कड़े मुकाबले में 4-3 से हराया जबकि महिला एकल के खिताबी मुकाबले में दीया ने पश्चिम बंगाल की सिंड्रेला दास को इसी अंतर से मात दी।

रेगन के खिलाफ मुकाबले में भट्टाचार्जी एक समय 1-2 से पिछड़ रहे थे, लेकिन सात गेम तक चले उतार-चढ़ाव भरे संघर्ष में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की।

यह इस सत्र का उनका पहला खिताब है। इससे पहले कानपुर चरण के सेमीफाइनल में उन्हें मानव ठक्कर के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

महिला एकल का फाइनल भी बेहद रोमांचक रहा। दीया और सिंड्रेला के बीच शुरुआत से ही कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों 3-3 की बराबरी पर थीं, लेकिन निर्णायक क्षणों में दीया ने बढ़त बनाते हुए 4-3 से मुकाबला जीत लिया।

इससे पहले पुरुष एकल के सेमीफाइनल में भट्टाचार्जी ने रेलवे के जीत चंद्रा को 4-1 से हराया, जबकि रेगन ने दूसरी वरीयता प्राप्त मानव ठक्कर को 4-2 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

महिला एकल के सेमीफाइनल में सिंड्रेला ने सात गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में सुतीर्था मुखर्जी को 4-3 से हराया। दीया ने स्वस्तिका घोष को 4-1 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

भाषा आनन्द

आनन्द