मुंबई, 13 अक्टूबर (भाषा) फिल्म निर्माता करण जौहर ने अपने चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के अंतिम सीजन के पहले खास मेहमान सलमान खान से पूछा कि ‘‘क्या तुम अब भी कुंवारे हो?’’
यह सवाल 2014 में शो के चौथे सीजन की याद दिलाता है, जब जौहर ने सलमान से इसी तरह का सवाल पूछा था और अभिनेता ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया था कि वह शादी के लिए खुद को बचाकर रख रहे हैं। इस बार सलमान ने सवाल को टालते हुए कहा, ‘‘कंट्रोल भाई, कंट्रोल।’’
मंगलवार को जौहर ने आगामी एपिसोड की कुछ झलकियां साझा कीं। यह एपिसोड बुधवार से जियोहॉटस्टार के पीकॉक हब पर स्ट्रीम होगा।
शुरुआती झलक में फिल्म निर्माता ने सलमान का परिचय देते हुए कहा, ‘‘एक समझदार व्यक्ति ने एक बार कहा था, ‘इट्स डन ब्रो’। तो मेरे अंतिम सीजन की शुरुआत करने के लिए उनसे बेहतर कौन हो सकता है?’’ जौहर का इशारा सलमान की उस वायरल पोस्ट की ओर था, जिसमें अभिनेता ने जुलाई में जेन-जी के विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया था।
सलमान ने जौहर से पूछा कि क्या वाकई शो खत्म हो रहा है या यह फिल्म निर्माता का मशहूर हस्तियों को शो में बुलाने का सिर्फ एक बहाना है।
जौहर ने कहा, ‘‘मैं आपसे वादा करता हूं कि मैं वापस नहीं आ रहा हूं।’’ इस पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, ‘‘करण, तुस्सी ना जाओ।’’
जब जौहर ने कहा कि सलमान अब पहले से अलग और अधिक संयमित नजर आ रहे हैं, तो अभिनेता ने मजाक में कहा कि अब उनके लिए भी उन सलाहों पर अमल करने का समय आ गया है, जो वह दूसरों को देते रहे हैं।
एक सप्ताह पहले साझा की गई अलग पोस्ट में जौहर ने बताया था कि जून 2004 में पिता यश जौहर के निधन से पहले उन्होंने उनसे ऐसा शो बनाए जाने का विचार साझा किया था।
जौहर ने शो के सफर को याद करते हुए कहा, ‘‘मैंने पहली बार 16 अगस्त, 2004 को इसकी शूटिंग की थी और आज मैं यहां हूं। आठ सीजन, 22 साल और 161 एपिसोड बाद। बहुत कुछ हुआ। मैंने प्रेमियों को बुलाया, दोस्तों को बुलाया, परिवारों को बुलाया। मैंने ऐसे प्रेमियों को भी बुलाया जो बाद में एक-दूसरे के पूर्व प्रेमी बन गए। उनमें से कुछ ने शादी भी कर ली।’’
भाषा राखी नरेश
नरेश