Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

टाटा एलेक्सी का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 10 प्रतिशत बढ़कर 170.3 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) डिजाइन एवं प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र की कंपनी टाटा एलेक्सी का वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 170.30 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को जुलाई-सितंबर तिमाही के इस नतीजे की सूचना दी। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 154.82 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

आलोच्य अवधि में टाटा एलेक्सी का परिचालन राजस्व 14.98 प्रतिशत बढ़कर 1,055.66 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 918.10 करोड़ रुपये था।

हालांकि, तिमाही आधार पर कंपनी का राजस्व 3.4 प्रतिशत बढ़ा जबकि शुद्ध लाभ में 0.18 प्रतिशत की गिरावट आई।

टाटा एलेक्सी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनोज राघवन ने कहा कि अस्थिर वृहद-आर्थिक माहौल के बावजूद कंपनी ने परिचालन दक्षता और ग्राहकों तथा विभिन्न उद्योग क्षेत्रों में स्थिर वृद्धि दर्ज की है।

उन्होंने कहा कि कंपनी को अगली पीढ़ी की क्लाउड आधारित टेलीमैटिक्स और कनेक्टेड वाहन प्रणाली विकसित करने के लिए एक प्रमुख वाहन विनिर्माता से कई साल का अनुबंध भी मिला है।

कंपनी वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में वृद्धि की गति बनाए रखने को लेकर आशान्वित है। इसके साथ ही कंपनी कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित विशिष्ट पेशकशों और सेवाओं में निवेश जारी रखेगी तथा परिचालन दक्षता पर ध्यान देगी।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम