Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

हैदराबाद ने त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराया

सिकंदराबाद, 13 अक्टूबर (भाषा) हैदराबाद ने मंगलवार को यहां एलीट ग्रुप बी मुकाबले के तीसरे दिन त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराकर रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया।

तेज गेंदबाज तन्य त्यागराजन और मोहम्मद सिराज ने मिलकर आठ विकेट चटकाए जिससे हैदराबाद ने दूसरी पारी में त्रिपुरा को 120 रन पर समेट दिया। त्रिपुरा ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट पर 99 रन बनाए थे।

हैदराबाद को इस जीत से बोनस अंक सहित कुल सात अंक मिले।

त्यागराजन ने 52 रन देकर छह विकेट चटकाते हुए त्रिपुरा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी जबकि भारत के तेज गेंदबाज सिराज ने नौ ओवर में 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

त्यागराजन ने पहले सत्र में रात के नाबाद बल्लेबाज सेंतु सरकार को जल्दी आउट कर दिया जिसके बाद त्रिपुरा की टीम अधिक देर नहीं टिक सकी।

त्रिपुरा ने पहली पारी में 134 रन बनाए थे जिसके जवाब में हैदराबाद ने 294 रन बनाकर बड़ी बढ़त हासिल की थी।

विजयवाड़ा में कर्नाटक ने आंध्र के खिलाफ दूसरी पारी में चार विकेट पर 176 रन बनाकर 32 रन की बढ़त हासिल की।

आंध्र ने कर्नाटक के पहली पारी के 274 रन के जवाब में 418 रन बनाए थे।

दिन का खेल समाप्त होने पर अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर 81 रन और कप्तान रविचंद्रन स्मरण 21 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

पहली पारी में नाकाम रहने वाले भारतीय बल्लेबाज लोकेश राहुल दूसरी पारी में भी केवल एक रन बनाकर आउट हो गए जबकि मयंक अग्रवाल 18 रन ही बना सके।

आंध्र की ओर से सौरभ कुमार ने 41 रन देकर तीन विकेट लिए।

मुल्लांपुर में सलामी बल्लेबाज विहान मल्होत्रा (103) के शतक से पंजाब ने असम के खिलाफ बारिश से प्रभावित मुकाबले के तीसरे दिन मंगलवार को पहली पारी में पांच विकेट पर 287 रन बना लिए।

पंजाब की टीम पहली पारी में असम के 373 रन के स्कोर से अभी 86 रन पीछे है।

राजकोट में सौराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 45 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 125 रन तक पहुंचा दी।

सौराष्ट्र ने पहली पारी में 392 रन बनाए थे जिसके जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम 312 रन पर आउट हो गई। इस तरह सौराष्ट्र को पहली पारी के आधार पर 80 रन की महत्वपूर्ण बढ़त मिली।

भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने 16.4 ओवर में 40 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

छत्तीसगढ़ के कप्तान अनुज तिवारी ने सर्वाधिक 72 रन बनाए जबकि विकेटकीपर मयंक वर्मा ने 68 रन का योगदान दिया।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द