नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस को एक ज्ञापन सौंपकर शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित तौर पर अत्यधिक बल प्रयोग, गैरकानूनी हिरासत और दुर्व्यवहार की घटनाओं की स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की।
युवा कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधक भी हटा दिए।
संगठन ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर से नई दिल्ली जिले में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। उसने दावा किया कि इन घटनाओं में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों समेत कई लोग घायल हुए।
चिब ने कहा, ‘‘शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार संविधान द्वारा प्रदत्त है। अत्यधिक बल प्रयोग, गैरकानूनी हिरासत और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।’’
युवा कांग्रेस ने प्रदर्शनों के संबंध में दर्ज प्राथमिकी, हिरासत में लिए गए और गिरफ्तार व्यक्तियों तथा उनके खिलाफ लगाए गए कानूनी प्रावधानों का विवरण भी मांगा है।
संगठन ने कथित पुलिस बर्बरता और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बाहरी तत्वों द्वारा की गई हिंसा की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए सीसीटीवी फुटेज, पुलिस वायरलेस रिकॉर्ड, बॉडी कैमरा फुटेज और ड्यूटी सूची सुरक्षित रखने का आग्रह किया।
भाषा हक हक नरेश
नरेश