नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व हरफनमौला युवराज सिंह को मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2027 सत्र से पहले दिल्ली कैपिटल्स का सहायक और बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया।
यह घोषणा दिल्ली कैपिटल्स के द्वारा भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को अपना मुख्य कोच बनाए जाने के एक सप्ताह के बाद की गई है। ‘पीटीआई’ ने जून में ही खबर दी थी कि ये दोनों इस फ्रेंचाइज़ी से जुड़ेंगे।
देश के लिए 304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले 44 वर्षीय युवराज कई बार विश्व कप भी जीत चुके हैं। वह पहली बार औपचारिक तौर पर किसी टीम के कोचिंग दल से जुड़ेंगे।
युवराज ने फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान में कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। इस फ्रेंचाइजी से मेरा पुराना जुड़ाव रहा है और मैं इसके मालिकों को भी अच्छी तरह जानता हूं। इसलिए यह अवसर मेरे लिए खास है।’’
युवराज की नियुक्ति से दिल्ली फ्रेंचाइजी के साथ उनका पुराना रिश्ता एक बार फिर चर्चा में आ गया है। दिल्ली की इस फेंचाइजी (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) ने वर्ष 2015 में युवराज को रिकॉर्ड 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस समय वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। युवराज ने उस सत्र में फ्रेंचाइजी की ओर से सभी 14 मुकाबले खेले थे।
उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे इस बार कोच के रूप में दादा (सौरव गांगुली) के साथ काम करने का भी इंतजार है। क्रिकेट कोचिंग के प्रति मेरा गहरा लगाव है और मैं इस बेहद प्रतिभाशाली टीम के साथ काम शुरू करने के लिए उत्सुक हूं। मुझे विश्वास है कि यह सफर रोमांचक रहेगा और मैं टीम की सफलता में योगदान देने की पूरी कोशिश करूंगा।’’
इस पूर्व दिग्गज ने शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह जैसे कई स्थापित और उभरते हुए भारतीय खिलाड़ियों के मेंटर (मार्गदर्शक) की भूमिका निभाई है।
आक्रामक बल्लेबाज और विकेटकीपर ऋषभ पंत भी खराब फॉर्म के दौर से गुजरने के दौरान युवराज सिंह से सलाह ले चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कप्तान पंत भी अब फ्रेंचाइजी में लौट आए हैं। दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुए अदला-बदली समझौते के तहत पंत की वापसी हुई है, जबकि कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव लखनऊ की फ्रेंचाइजी से जुड़ गये।
दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन एवं सह-मालिक और ‘जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स’ के संस्थापक पार्थ जिंदल ने युवराज का स्वागत करते हुए कहा, “युवराज को दिल्ली कैपिटल्स परिवार में शामिल कर हम बेहद उत्साहित हैं। वह भारतीय क्रिकेट के महानतम मैच विजेताओं में से एक हैं। मौजूदा दौर में भारतीय क्रिकेट की कई प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को तराशने और उनका मार्गदर्शन करने में भी उनकी अहम भूमिका रही है।”
उन्होंने कहा, “युवराज का अनुभव, जीत के प्रति उनका नजरिया और खिलाड़ियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने की उनकी क्षमता हमारी टीम के लिए बेहद अहम साबित होगी। हम भविष्य में उन्हें दादा ( गांगुली) और टीम के अन्य सहयोगी सदस्यों के साथ काम करते देखने को लेकर उत्सुक हैं।”
दिल्ली कैपिटल्स को अब भी अपने पहले आईपीएल खिताब का इंतजार है। टीम ने 2020 में केवल एक बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन खिताब जीतने में नाकाम रही। पिछले दो सत्रों में भी टीम प्लेऑफ में पहुंचने में सफल नहीं हो सकी।
दिल्ली कैपिटल्स का संयुक्त स्वामित्व जीएमआर समूह और जेएसडब्ल्यू समूह के पास है। दोनों समूह दो-दो साल के चक्र में बारी-बारी से फ्रेंचाइजी के संचालन की जिम्मेदारी संभालते हैं। वर्ष 2026 में जीएमआर समूह का प्रबंधन कार्यकाल समाप्त हो गया।
भाषा आनन्द आनन्द सुधीर
सुधीर