Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

मेघालय मंत्रिमंडल ने राज्य के समर्थन के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए प्रस्ताव पारित किया

शिलांग, 13 अक्टूबर (भाषा) मेघालय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को एक प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शासन प्रमुख के तौर पर जनसेवा के 25 साल के दौरान राज्य और पूर्वोत्तर को दिए गए समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने यह जानकारी दी।

संगमा ने बताया कि इस प्रस्ताव में “सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम” के भाव के प्रति मोदी की प्रतिबद्धता को सराहा गया।

उन्होंने कहा, “मंत्रिमंडल ने आज एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें देश के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सेवा के 25 साल पूरे होने पर मेघालय की सरकार और यहां के लोगों की ओर से उनके प्रति गहरा आभार जताया गया।”

मोदी ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शासन प्रमुख के तौर पर 25 साल पिछले हफ्ते पूरे किए। वह सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री चुने गए थे। उन्होंने लगातार तीन कार्यकाल तक इस पद पर सेवाएं दीं। मई 2014 में वह भारत के प्रधानमंत्री बने थे।

संगमा ने कहा, “पूंजी निवेश और ग्रामीण सड़कों से लेकर पेयजल, आवास, आजीविका, स्वास्थ्य सेवा, कृषि और पर्यटन तक, केंद्र सरकार के सहयोग से हमारे लोगों के जीवन में ठोस सुधार हुए हैं।”

उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने ‘विकसित भारत 2047’ के अहम हिस्से के तौर पर ‘विकसित मेघालय’ बनाने की दिशा में ‘टीम इंडिया’ की भावना के साथ केंद्र के साथ मिलकर काम करने के मेघालय के संकल्प को भी दोहराया।

भाषा पारुल नरेश

नरेश