श्रीनगर, 13 अक्टूबर (भाषा) कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में मंगलवार को ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण घाटी के ऊंचाई वाले कई इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई।
अधिकारियों के अनुसार, पर्यटक स्थल गुलमर्ग और सोनमर्ग के साथ-साथ जोजिला मार्ग पर भी ताजा बर्फबारी हुई।
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जो खबर लिखे जाने तक जारी थी।
मौसम विभाग ने कहा कि कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने का अनुमान है।
विभाग के अनुसार, 13 से 15 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने और ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।
विभाग ने बताया कि 16 अक्टूबर को मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर थोड़े समय के लिए हल्की बारिश हो सकती है।
इसके बाद 24 अक्टूबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश