नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया और महिलाओं पर कथित हमलों को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से माफी की मांग की।
पार्टी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस दफ्तर के बाहर विरोध-प्रदर्शन के दौरान उसकी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की गई।
भाजपा की दिल्ली इकाई के महासचिव मोहन लाल गिहारा ने कहा कि यह कोई इकलौती घटना नहीं थी।
गिहारा ने आरोप लगाया, “सिर्फ दो दिन पहले गांधी ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की और कल शाम उन्होंने एक गर्भवती महिला पत्रकार को धक्का दिया।”
भाजपा ने इस कथित घटना को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई।
जेएनयू के एक प्रोफेसर और मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम द्वारा छात्राओं के कथित उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया।
मंगलवार को डीडीयू मार्ग पर कांग्रेस मुख्यालय के पास बाल भवन गेट पर जमा हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड पर रोक दिया और उनमें से कुछ को हिरासत में ले लिया।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप