कन्नौज (उप्र) 13 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार को पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के काफिले में शामिल कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसके कारण उनके सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक और एक कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे सकरावा के थाना प्रभारी भागमल सिंह ने बताया कि पाठक दोपहर के समय आगरा से कन्नौज की ओर आ रहे थे, तभी सकरावा क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के निकट उनके काफिले में शामिल कार डिवाइडर से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में पूर्व सांसद के गनर अभिषेक त्रिपाठी (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक और एक अन्य सिपाही घायल हो गया।
सिंह ने बताया कि पाठक सुरक्षित हैं।
सूत्रों ने बताया कि पाठक दूसरे वाहन में सवार थे।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
एसपी ने बताया कि त्रिपाठी फतेहपुर जिले के असोधर के निवासी थे।
उन्होंने बताया कि हादसे में घायल हुए एटा जिले के निवासी एक अन्य कांस्टेबल कुंवर पाल (50) तथा औरैया के रहने वाले वाहन चालक शरद प्रकाश (32) का उपचार किया जा रहा है।
कुमार ने बताया कि त्रिपाठी की मौत की सूचना उनके परिजन को दे दी गई है।
भाषा सं आनन्द जोहेब जोहेब
जोहेब