तिरुवनंतपुरम, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने मंगलवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उनमें ‘‘जरा भी शर्म बची है’’, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि 2016 में विजयन ने तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमन चांडी से भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर इस्तीफा देने को कहा था। उन्होंने (विजयन ने) कहा था कि यदि उनमें (चांडी में) जरा भी शर्म है, तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने बार रिश्वत घोटाले को लेकर के. एम. मणि को भी मंत्री पद छोड़ने के लिए मजबूर किया था। दस साल बाद पिनराई खुद अपनी बेटी की कंपनी एक्सालॉजिक से जुड़े बड़े भ्रष्टाचार मामले में जांच का सामना कर रहे हैं।’’
चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की सरकार द्वारा सबूत होने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने के बाद उच्च न्यायालय ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है।
उन्होंने सवाल किया कि विजयन अपनी ही कही बातों पर कब अमल करेंगे और उनमें शर्म की भावना कहां है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के छोटे से छोटे आरोप का सामना करने पर भी किसी राजनीतिक नेता को, यदि उसमें जरा भी शर्म बची है, तो इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विजयन पर लगे आरोप मामूली नहीं हैं।
नेमोम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि केरलम की जनता ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार और अक्षमता से परेशान होकर विजयन और माकपा को मौका दिया था।
उन्होंने कहा कि विजयन ने ‘‘एलम शेरियाकुम’’ यानी ‘‘सब ठीक हो जाएगा’’ का वादा किया था, लेकिन कुछ भी बेहतर नहीं हुआ, क्योंकि कांग्रेस और माकपा एक जैसी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘दोनों अलग नहीं हैं, बल्कि दोनों एक ही हैं।’’
चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि विजयन और उनके परिवार की संपत्ति बढ़ने के अलावा केरलम के लिए कुछ भी सही नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो गई और वह भारी कर्ज में डूब गई।
उन्होंने कहा कि केरलम विधानसभा में भाजपा विपक्षी दल है और कांग्रेस-इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) सरकार को जवाबदेह ठहराना उसकी बुनियादी जिम्मेदारी है।
चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नियंत्रण में काम कर रहे और खुद को बचाने में लगे नेता प्रतिपक्ष के रहते भाजपा यह जिम्मेदारी नहीं निभा सकती।
उन्होंने कहा, ‘‘पिनराई विजयन यह जिम्मेदारी नहीं निभा सकते और न ही निभाएंगे। वह अब नेता प्रतिपक्ष के पद पर बने नहीं रह सकते।’’
भाषा राखी दिलीप
दिलीप