Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

युवराज सिंह दिल्ली कैपिटल्स के सहायक और बल्लेबाजी कोच बने

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व हरफनमौला युवराज सिंह को मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2027 सत्र से पहले दिल्ली कैपिटल्स का सहायक और बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया।

देश के लिए 304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले 44 वर्षीय युवराज कई बार विश्व कप भी जीत चुके हैं। इस पूर्व दिग्गज ने शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह जैसे कई स्थापित और उभरते हुए भारतीय खिलाड़ियों के मेंटर (मार्गदर्शक) की भूमिका निभाई है।

वह पहली बार औपचारिक तौर पर किसी टीम के कोचिंग दल से जुड़ेंगे।

युवराज ने फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान में कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। इस फ्रेंचाइजी से मेरा पुराना जुड़ाव रहा है और मैं इसके मालिकों को भी अच्छी तरह जानता हूं। इसलिए यह अवसर मेरे लिए खास है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे इस बार कोच के रूप में दादा (सौरव गांगुली) के साथ काम करने का भी इंतजार है। क्रिकेट कोचिंग के प्रति मेरा गहरा लगाव है और मैं इस बेहद प्रतिभाशाली टीम के साथ काम शुरू करने के लिए उत्सुक हूं। मुझे विश्वास है कि यह सफर रोमांचक रहेगा और मैं टीम की सफलता में योगदान देने की पूरी कोशिश करूंगा।’’

युवराज की नियुक्ति से दिल्ली फ्रेंचाइजी के साथ उनका पुराना रिश्ता एक बार फिर चर्चा में आ गया है। दिल्ली की इस फेंचाइजी (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) ने वर्ष 2015 में युवराज को रिकॉर्ड 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस समय वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। युवराज ने उस सत्र में फ्रेंचाइजी की ओर से सभी 14 मुकाबले खेले थे।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर