Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

भाजपा की कठपुतली बन गया है निर्वाचन आयोग: सपा सांसद धर्मेंद्र यादव

बदायूं (उप्र), 13 अक्टूबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद धर्मेंद्र यादव ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन में निर्वाचन आयोग अपनी स्वतंत्रता खो चुका है और पार्टी की कठपुतली बनकर रह गया है।

यादव ने बदायूं विधानसभा क्षेत्र के गुलरिया कस्बे में आयोजित पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायत के दौरान पत्रकारों से कहा, “निर्वाचन आयोग पूरी तरह भाजपा की कठपुतली बन गया है।”

आजमगढ़ के सांसद ने केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों पर लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को कमजोर करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों, प्रदर्शनकारियों और पत्रकारों को जेल भेजा जा रहा है। ऐसी घटनाएं लोकतंत्र की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।”

यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के लोग सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में राजनीतिक बदलाव चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपने दम पर बहुमत हासिल करने से रोक दिया था, जिसके कारण उसे सरकार बनाने के लिए सहयोगी दलों पर निर्भर रहना पड़ा।

उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्ष की लड़ाई सामूहिक प्रयास है और इसका श्रेय किसी एक राजनीतिक दल को नहीं दिया जाना चाहिए।

यादव ने कहा, “विपक्ष की जिम्मेदारी केवल सरकार की आलोचना करने तक सीमित नहीं है। उसे जनता के मुद्दे भी उठाने चाहिए और संविधान की रक्षा करनी चाहिए।”

भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब