नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब में मादक पदार्थ विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह उर्फ झोटा की हत्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस घटना ने राज्य में कानून-व्यवस्था की चिंताजनक स्थिति को उजागर कर दिया है।
दवा की दुकानों पर मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाने वाले झोटा की मंगलवार को पंजाब के मानसा कस्बे में एक दवा दुकान मालिक ने बीच बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी।
नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि हत्या की यह वारदात चौंकाने वाली है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने नशा-मुक्त पंजाब का वादा करके सत्ता हासिल की थी, लेकिन अब मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ने वाले लोग खुद खतरे में हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “मानसा में मादक पदार्थ विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या चौंकाने वाली है और यह ‘आप’ सरकार के तहत पंजाब में कानून-व्यवस्था की चिंताजनक स्थिति को उजागर करती है।”
नवीन ने कहा, “आम आदमी पार्टी ने नशा-मुक्त पंजाब का वादा करके सत्ता हासिल की थी। जो लोग मादक पदार्थों के खिलाफ मुखर रहे हैं, आज वे खुद खतरे में हैं। यह शासन की गंभीर विफलता है।”
उन्होंने कहा, “अगर मादक पदार्थ माफिया से लड़ने वाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो पंजाब में कौन सुरक्षित है? पंजाब की जनता जवाब और जवाबदेही की हकदार है।”
झोटा की हत्या के बाद समर्थकों ने मानसा के सिविल अस्पताल के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया, जबकि उनके परिवार ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
झोटा के पिता ने ‘आप’ सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में खुलेआम मादक पदार्थ बेचे जाते हैं और उनके बेटे की हत्या इस बुराई के खिलाफ लड़ते हुए हुई।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मादक पदार्थ तस्करों ने मेरे बेटे की हत्या कर दी। हम मांग करते हैं कि भारत सरकार पंजाब सरकार को बर्खास्त करे। यहां खुलेआम मादक पदार्थ बेचे जाते हैं।”
झोटा के पिता ने कहा कि वह मामले में कार्रवाई होने तक अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने लोगों से मनसा में धरना देने के लिए एकत्र होने की अपील की।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश