Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

एचडी फायर प्रोटेक्ट के आईपीओ को पहले दिन 4.62 गुना अभिदान

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) अग्नि सुरक्षा उपकरण बनाने वाली कंपनी एचडी फायर प्रोटेक्ट लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के पहले दिन 4.62 गुना बोलियां (अभिदान) प्राप्त हुईं।

एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 712 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में रखे गए एक करोड़ 84 लाख 20 हजार 492 शेयरों के मुकाबले आठ करोड़ 50 लाख 40 हजार 395 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।

गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 11.38 गुना अभिदान मिला, जबकि खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 3.78 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी में 1.04 गुना अभिदान मिला।

एचडी फायर प्रोटेक्ट ने सोमवार को एंकर निवेशकों से 213.11 करोड़ रुपये जुटाए थे।

आईपीओ 15 अक्टूबर को बंद होगा। कंपनी ने इसके लिए 258 से 271 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।

यह निर्गम पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है।

निर्गम पूरी तरह ओएफएस होने के कारण कंपनी को आईपीओ से कोई राशि नहीं मिलेगी।

मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 4,750 करोड़ रुपये बैठता है।

मुंबई स्थित एचडी फायर प्रोटेक्ट पानी, फोम और गैस आधारित आग बुझाने वाले समाधान सहित अग्नि सुरक्षा उपकरणों और प्रणालियों का डिजाइन और विनिर्माण करती है। महाराष्ट्र में इसकी दो विनिर्माण इकाइयां हैं। कंपनी तेल एवं गैस, रिफाइनिंग, पेट्रोरसायन, बिजली, औषधि, एयरोस्पेस, डेटा सेंटर और भंडारण जैसे क्षेत्रों को सेवाएं देती है।

कंपनी ने भारत के नए संसद भवन, जामनगर स्थित देश की सबसे बड़ी रिफाइनरी और श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष प्रक्षेपण केंद्र की परियोजनाओं सहित कई प्रमुख परियोजनाओं के लिए अग्नि सुरक्षा उपकरणों की आपूर्ति की है।

कंपनी का शेयर 21 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय