Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी एवं बड़े बेटे की हिरासत बढ़ाई गई

कोलंबो, 13 अक्टूबर (भाषा) श्रीलंका की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने भ्रष्टाचार के संबंधित मामलों में पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बड़े बेटे और उनकी पत्नी की हिरासत अवधि मंगलवार को बढ़ा दी।

चार सितंबर से हिरासत में बंद नमल राजपक्षे की हिरासत अवधि 27 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है, जबकि उनकी मां शिरांथी राजपक्षे 16 अक्टूबर तक हिरासत में रहेंगी। नमल, महिंदा के बड़े बेटे हैं जबकि शिरांथी उनकी पत्नी हैं।

महिंदा राजपक्षे के छोटे बेटे योशिथा की भी 2007 की श्रीलंकाई नौसेना भर्ती में अनियमितता से जुड़े एक मामले में अदालत में पेशी थी।

शिरांथी के वकील ने अदालत को बताया कि आज उनकी मुवक्किल की ‘ओपन-हार्ट सर्जरी’ होनी है, लेकिन जब अदालत ने इस दावे की जांच की, तो पता चला कि आज कोई सर्जरी तय नहीं थी।

दिल की बीमारी के शक में सोमवार को उन्हें जेल के अस्पताल से कोलंबो नेशनल हॉस्पिटल के हृदयरोग (कार्डियोलॉजी) विभाग में भेजा गया था।

उन्हें सात अक्टूबर को एक परमार्थ संगठन में कथित तौर पर एक करोड़ (श्रीलंकाई) रुपये के गबन के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था। वह 2015 से पहले उस संगठन की प्रमुख थीं।

नमल पर ‘श्रीलंकन ​​एयरलाइंस’ के लिए एयरबस विमान खरीदने में रिश्वत लेने और कोलंबो में कृष्ण होटल्स प्रोजेक्ट से जुड़े रिश्वत के एक और मामले में आरोप हैं। इस परियोजना में एक भारतीय ने निवेश किया है।

महिंदा राजपक्षे (80) को सोमवार को जरूरी चिकित्सकीय देखभाल के लिए कोलंबो के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह अब भी अस्पताल में ही हैं।

महिंदा राजपक्षे 2005 से 2015 तक राष्ट्रपति रहे थे। उनके छोटे भाई गोटाबाया राजपक्षे को श्रीलंका के आर्थिक संकट के दौरान हुए बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शनों के बाद 2022 में राष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश