बेंगलुरु, 13 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र को चुनौती दी कि वह कांग्रेस के उन 25 विधायकों को जल्द अपनी पार्टी में शामिल करके दिखाएं, जिनमें मंत्री भी शामिल हैं। इसके पहले विजयेंद्र ने दावा किया था कि अगर अभी चुनाव हुए, तो कई मंत्रियों समेत कांग्रेस के 25 विधायक पाला बदल लेंगे।
शिवकुमार ने विजयेंद्र के दावे का मजाक उड़ाते हुए कहा कि जून में हुए विधान परिषद चुनाव में भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) के विधायकों ने भी कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी।
शिवकुमार ने सोमवार शाम नयी दिल्ली में पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्हें (विजयेंद्र को) जल्द से जल्द भाजपा में शामिल कर लेना चाहिए। उन्हें देर नहीं करनी चाहिए। जद(एस) नेता और केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी तथा विजयेंद्र, दोनों ही ‘क्रॉस वोटिंग’ करने वाले 12 विधायकों की पहचान नहीं कर सके। उनके अपने विधायकों ने यह कहते हुए कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया कि भाजपा और राजग में सब कुछ ठीक नहीं है। वे और क्या चाहते हैं?’’
विजयेंद्र के दावे के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा, ‘‘उन्हें समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। जो विधायक उनकी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें जल्द से जल्द पार्टी में शामिल कर लेना चाहिए।’’
विजयेंद्र ने सोमवार को दावा किया था कि राजनीतिक माहौल भाजपा के पक्ष में है और अगर अभी चुनाव हुए तो कैबिनेट मंत्रियों सहित कांग्रेस के 25 विधायक भाजपा में शामिल हो जाएंगे।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप