Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

एनएसडीएफ, साइ ने भारत में मुक्केबाजी को बढ़ावा देने के लिए इंडियन ऑयल से मिलाया हाथ

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने देश में मुक्केबाजी को मजबूत करने के लिए मंगलवार को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के साथ एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों के विकास पर केंद्रित एक व्यवस्थित कार्यक्रम चलाया जाएगा।

इस साझेदारी का उद्देश्य इंडियन ऑयल की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) संबंधी सहायता, राष्ट्रीय खेल विकास कोष (एनएसडीएफ) की खेल विकास के लिए संसाधन जुटाने में भूमिका और साइ की तकनीकी विशेषज्ञता को एक साथ लाना है।

इस समझौते के तहत इंडियन ऑयल दो साल में 40 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगा। इस राशि का इस्तेमाल प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों के विकास, कोचिंग, खेल विज्ञान, अंतरराष्ट्रीय अनुभव दिलाने, मुक्केबाजी अकादमियों को मजबूत करने तथा कोच, रेफरी और तकनीकी अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने के लिए किया जाएगा।

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सीएसआर कोष के रणनीतिक इस्तेमाल के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह दृष्टिकोण संशोधित खेलो इंडिया योजना में भी शामिल है जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी।

मांडविया ने कहा, ‘‘संशोधित खेलो इंडिया योजना के तहत सरकार कॉरपोरेट भागीदारों के साथ सहयोग बढ़ा रही है और इस तरह की सीएसआर आधारित साझेदारियां एक सशक्त राष्ट्रीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र बनाने में मदद करेंगी।’’

यह साझेदारी भारतीय मुक्केबाजी के लिए महत्वपूर्ण समय पर हुई है। भारतीय मुक्केबाजों ने एशियाई खेलों में छह पदक जीते थे जिनमें तीन स्वर्ण और तीन कांस्य पदक शामिल थे।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द