जयपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा और उसके वादों व कामकाज में अंतर होने का आरोप लगाया।
बीकानेर जिले के नाल गांव में पंचायती राज चुनाव सम्मेलन को संबोधित करते हुए गहलोत ने संभाग में किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8,780 रुपये प्रति क्विंटल होने के बावजूद किसानों को मंडियों में इसका पूरा दाम नहीं मिल पा रहा।
उन्होंने कहा कि बांधों में पानी उपलब्ध होने के बावजूद नहरों में पूरा पानी नहीं दिया गया, जिससे छतरगढ़, पूगल और खाजूवाला क्षेत्रों में मूंगफली, ग्वार, नरमा और मूंग की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
गहलोत ने कहा कि गांवों में अकाल जैसी स्थिति बनी हुई है, लेकिन प्रभावित किसानों को अब तक राहत नहीं मिली।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मांग की कि किसानों को तत्काल आठ बारी सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाए तथा फसल खराब होने व अकाल की स्थिति को देखते हुए प्रभावित किसानों की सुध ली जाए।
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बाड़मेर में जो घोषणाएं कीं उन पर जमीनी स्तर पर अमल होता नजर नहीं आता और इससे समझा जा सकता है कि सरकार कैसा काम कर रही है।
भाषा पृथ्वी
जोहेब
जोहेब