Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

दीपके ने जंतर-मंतर बंद होने पर देशभर में आंदोलन की दी चेतावनी

(फोटो सहित)

हिंगोली (महाराष्ट्र), 13 अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को चेतावनी दी कि अगर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों पर रोक लगाई गई तो देश भर में विरोध-प्रदर्शन के केंद्र बन जाएंगे।

दीपके ने कहा कि अगर पुलिस उन्हें दिल्ली जाते समय रोकती है, तो वह जहां भी हिरासत में लिए जाएंगे, वहीं से आंदोलन शुरू कर देंगे। कॉजपा नेता ने यह भी कहा कि वह मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे।

दीपके महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी में मीडिया से बात कर रहे थे। वह अपनी दिवंगत दादी सावित्रीबाई दीपके के अस्थि विसर्जन की रस्म में शामिल होने के लिए गांव आए हैं।

दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार द्वारा 11 अक्टूबर को जारी स्थायी आदेश में विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित करने के लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए गये हैं जिनमें रामलीला मैदान (मध्य दिल्ली), बुराड़ी मैदान (उत्तरी दिल्ली) और सीबीडी मैदान (पूर्वी दिल्ली) शामिल हैं। जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया है।

कॉजपा ने मंगलवार सुबह कहा कि भारी बैरिकेडिंग और कड़ी सुरक्षा के बावजूद जंतर-मंतर पहुंचने पर उसके नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में ले लिया गया।

दीपके ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लोकतांत्रिक असहमति को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जंतर-मंतर विरोध-प्रदर्शनों का केंद्र है।

दीपके ने आरोप लगाया, ‘‘नरेन्द्र मोदी को आंदोलन से समस्या है, न कि प्रदर्शन स्थल से। उन्हें लोगों के विरोध प्रदर्शन करने के विचार से ही परेशानी है और ये तानाशाह के लक्षण हैं।’’

कॉजपा नेता ने कहा, ‘‘अगर उन्हें लगता है कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की निर्धारित सूची से हटाने पर आंदोलन रुक जाएगा, तो पूरा देश जंतर-मंतर बन जाएगा। जंतर-मंतर हर आंदोलनकारी की भावना का प्रतीक है।’’

इस सवाल पर कि वह कहां प्रदर्शन करेंगे, दीपके ने कहा, ‘‘पूरा देश जंतर-मंतर बन जाएगा और दिल्ली जंतर-मंतर बन जाएगी।’’

दीपके ने कहा कि दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के समय उनकी टीम के सदस्य तिरंगा लेकर चल रहे थे और अगर ऐसा करना गैरकानूनी है, तो सत्ता में बैठे लोग ‘‘सबसे बड़े राष्ट्रविरोधी’’ हैं।

उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में लिए जाने के मामले में कॉजपा की कानूनी टीम अदालत का रुख करेगी।

भाषा आशीष नरेश

नरेश