Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

प्रेस्टीज एस्टेट्स की बिक्री बुकिंग दूसरी तिमाही में 20 प्रतिशत बढ़कर 7,225 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड की बिक्री बुकिंग चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 7,225 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

कंपनी ने मंगलवार को बताया कि आवास की मजबूत मांग, खासकर बड़े और प्रतिष्ठित ब्रांड की कंपनियों के प्रति ग्राहकों के रुझान से उससे इस वृद्धि में मदद मिली।

बेंगलुरु स्थित कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में उसके आवासीय कारोबार की बिक्री बुकिंग 7,225 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले सालाना आधार पर 20 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कंपनी ने 58.4 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैली 3,910 आवासीय इकाइयां बेचीं।

कंपनी की बिक्री बुकिंग चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 13,804.3 करोड़ रुपये रही। इस दौरान उसने 1.18 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र में फैली 7,247 इकाइयां बेचीं।

प्रेस्टीज समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक इरफान रजाक ने कहा, “हमारे आवासीय कारोबार में मांग लगातार अच्छी बनी हुई है। खास बात यह है कि हमारी नई परियोजनाओं को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इनमें से कुछ परियोजनाएं तिमाही के अंत में शुरू की गई थीं, इसके बावजूद उनमें अच्छी बिक्री देखने को मिली।”

प्रेस्टीज एस्टेट्स देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है। कंपनी प्रमुख शहरों में आवासीय, वाणिज्यिक, खुदरा, आतिथ्य और एकीकृत टाउनशिप परियोजनाओं का निर्माण करती है।

भाषा यासिर अजय

अजय