Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

एथलेटिक्स कोच यूनुस खान डोपिंग उल्लंघन के कथित मामले में निलंबित

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) भारत के जाने-माने एथलेटिक्स कोच मोहम्मद यूनुस खान को डोपिंग नियमों के कथित उल्लंघन में शामिल होने के आरोप में अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।

खान ने लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह को उनके शुरुआती करियर में प्रशिक्षण दिया था।

पुणे स्थित प्रतिष्ठित सेना खेल संस्थान (एएसआई) में मध्यम और लंबी दूरी के धावकों को प्रशिक्षण देने वाले खान पर राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने अपने नियमों के अनुच्छेद 2.9 के तहत आरोप लगाया है। यह अनुच्छेद किसी खिलाड़ी या अन्य व्यक्ति की ओर से डोपिंग नियमों के उल्लंघन में संलिप्तता या ऐसा करने की कोशिश से संबंधित है।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके 28 वर्षीय खान 2017 तक लंबी दूरी के धावक थे। उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों का विस्तृत ब्योरा और कथित उल्लंघन की जानकारी सामने नहीं आई है।

खान ने 2021 में अरुणाचल प्रदेश में आयोजित क्रॉस-कंट्री दौड़ के दौरान गुलवीर की प्रतिभा पहचानी थी। वह वर्ष 2018 में भारतीय सेना में शामिल हुए गुलवीर को शीर्ष स्तर पर शुरुआती वर्षों में खान ने प्रशिक्षण दिया था।

गुलवीर के नाम फिलहाल कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड हैं। हाल ही में आयोजित आइची-नागोया एशियाई खेलों में उन्होंने 1,500 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा 5,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। वर्ष 2022 के एशियाई खेलों में भी उन्होंने 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया था।

वर्ष 2024 में गुलवीर अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स चले गए, जहां उन्होंने स्कॉट सिमंस के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेना शुरू किया। इसके बाद से वह ज्यादातर विदेश में ही अभ्यास कर रहे हैं।

खान ने लंबी दूरी के एक अन्य धावक कार्तिक कुमार की प्रतिभा की पहचानी की थी। कार्तिक ने 2022 के एशियाई खेलों में 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था।

कार्तिक ने नवंबर 2025 में प्रतियोगिताओं से बाहर कराए गए डोपिंग परीक्षणों के दौरान प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद अमेरिकी डोपिंग रोधी एजेंसी (यूएसएडीए) की ओर से लगाए गए तीन साल के प्रतिबंध को स्वीकार कर लिया था।

राष्ट्रीय मैराथन रिकॉर्डधारक और जापान में हाल ही में आयोजित एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाले सावन बरवाल ने अपने शुरुआती करियर के दौरान एएसआई में खान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया था।

खान उन प्रशिक्षकों में शामिल थे, जिन्होंने बरवाल को लंबी दूरी की अन्य दौड़ों के बजाय मैराथन में करियर बनाने की सलाह दी थी।

बरवाल ने इसी साल अप्रैल में रॉटरडैम मैराथन में शिवनाथ सिंह का 48 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। इसके बाद जापान में आयोजित एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने के दौरान उन्होंने अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया।

राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने ट्रैक एवं फील्ड के सात खिलाड़ियों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इनमें से अधिकांश पर स्टेरॉयड के सेवन से जुड़े डोपिंग के आरोप हैं।

निलंबित खिलाड़ियों में समीर देशमुख (तारगोला फेंक), आदित्य पाटियाल (800 मीटर), मेहरदीप कौर (400 मीटर), साकिर (1500 मीटर), अमित मजूमदार (भाला फेंक), शिवा तोमर (800 मीटर) और राहुल (गोला फेंक) शामिल हैं।

इसके अलावा पहलवान सुशांत अंबाजी तांबुलकर, अविनाश और चिराग को भी निलंबित किया गया है। भारोत्तोलन में भावना और एक नाबालिग खिलाड़ी पर भी अस्थायी निलंबन की कार्रवाई की गई है।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर