Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

एआई जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों को आकार देने के निर्णायक मोड़ पर भारत: आईबीएम अधिकारी

मुंबई, 13 अक्टूबर (भाषा) आईबीएम के प्रबंध निदेशक (भारत और दक्षिण एशिया) संदीप पटेल ने मंगलवार को कहा कि भारत एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है और उसके पास कृत्रिम मेधा (एआई) जैसी तेजी से विकसित हो रही प्रौद्योगिकियों को आकार देने का अनूठा अवसर है।

उन्होंने कहा जब भारत कुछ बनाता है, तो वह अरबों लोगों के लिए बनाता है, जिससे उसका प्रभाव बड़े पैमाने पर पहुंचता है।

मुंबई में 'आईबीएम थिंक 2026' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि एआई क्रांति का अभी शुरुआती चरण है।

उन्होंने कहा कि ज्यादातर कंपनियां पहले से ही एआई का इस्तेमाल कर रही हैं, लेकिन सीमित स्तर पर। कहीं किसी कार्यप्रणाली में तो कहीं किसी विशेष उपयोग में इसका इस्तेमाल हो रहा है।

पटेल ने कहा कि यह उपयोगी है, लेकिन इससे केवल मामूली लाभ मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सफल होने वाली कंपनियां केवल एआई का अधिक इस्तेमाल नहीं करेंगी, बल्कि एआई एजेंट, वास्तविक समय के आंकड़ों, स्वचालन, हाइब्रिड आर्किटेक्चर और सबसे महत्वपूर्ण भरोसे को ध्यान में रखते हुए अपने काम करने के तरीकों को नए सिरे से तैयार करेंगी।

उन्होंने कहा कि एआई के दौर में तेजी से आगे बढ़ने वाली कंपनियां वही होंगी, जो अपने कामकाज में बुनियादी बदलाव करेंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए केवल अत्याधुनिक मॉडल पर चर्चा करना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए एआई आधारित एक नए कारोबारी मॉडल की जरूरत है, जो एआई एजेंट, वास्तविक समय के आंकड़ों, स्वचालन, हाइब्रिड आर्किटेक्चर और सबसे महत्वपूर्ण भरोसे को वास्तव में एक साथ लाए।’’

कार्यक्रम के मुख्य संबोधन में पटेल ने कहा कि भारत एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास एआई जैसी तेजी से विकसित हो रही प्रौद्योगिकियों के भविष्य को आकार देने का अनूठा अवसर है, क्योंकि जब भारत कुछ बनाता है, तो वह अरबों लोगों के लिए बनाता है और जब आप अरबों लोगों के लिए कुछ बनाते हैं, तो उसका प्रभाव सभी तक पहुंचता है।’’

भाषा योगेश अजय

अजय