Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

रश्मिका, विजय देवरकोंडा ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

(फोटो के साथ)

चेन्नई, 13 अक्टूबर (भाषा) अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने अपनी फिल्म ‘रणबाली’ की रिलीज से कुछ दिन पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय से शिष्टाचार भेंट की।

दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं और अभिनेता से नेता बने मुख्यमंत्री की प्रशंसा की।

फिल्म ‘वारिसु’ में जोसेफ विजय के साथ मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाने वाली रश्मिका ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर मुलाकात की कुछ तस्वीरें साझा कीं।

रश्मिका ने लिखा, ‘‘काफी लंबे समय बाद मैं विजय सर से मिलने गई।’’

अभिनेत्री ने कहा, ‘‘जितना मुझे याद है, उससे भी लंबे समय से उनकी प्रशंसक रहने, उनके साथ काम करने का मौका मिलने और अब मुख्यमंत्री के रूप में उनके काम की सराहना करने तक का उनका सफर असाधारण है।’’

वहीं, देवरकोंडा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रिय थलपति विजय सर के साथ बेहद खूबसूरत समय बिताया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिन भर व्यस्त रहने के बावजूद उन्होंने हमारा बेहद प्यार से स्वागत किया और जीवन, काम तथा दुनिया के बारे में अपने निजी अनुभव साझा किए। एक ही मुलाकात में सर मेरे पसंदीदा बन गए हैं। अगली मुलाकात तक, मेरा प्यार और सम्मान।’’

‘रणबाली’ 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस साल की शुरुआत में शादी के बाद यह पहली फिल्म है, जिसमें देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे।

दोनों इससे पहले ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ में साथ काम कर चुके हैं। इस फिल्म के जरिये देवरकोंडा और निर्देशक राहुल सांकृत्यायन 2018 की फिल्म ‘टैक्सीवाला’ के बाद फिर साथ आए हैं।

देवरकोंडा 1870 के दशक की पृष्ठभूमि पर बनी इस एक्शन फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में उनका किरदार अकाल से जूझ रहे अपने कस्बे के लोगों को न्याय दिलाने के लिए युद्ध के मैदान में ब्रिटिश उपनिवेशवादियों से मुकाबला करता है।

प्रमोद तम्मिनेनी ने फिल्म की पटकथा लिखी है। इसका निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स ने किया है, जबकि टी-सीरीज इसे प्रस्तुत कर रही है। फिल्म का संगीत अजय-अतुल ने तैयार किया है।

भाषा रवि कांत दिलीप

दिलीप