Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

जम्मू-कश्मीर में विभिन्न सड़क हादसों में 12 वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत, सात घायल

जम्मू, 13 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के राजौरी, रामबन और डोडा जिलों में मंगलवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 12 वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बच्ची आफिया कौसर अपने पिता अब्दुल फरीद और दादा मखना के साथ कार में सवार होकर थानामंडी स्थित अपने पैतृक गांव भंगाई से राजधानी जा रही थी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान मंगलवार दोपहर राजौरी जिले के इस्लामपुर गांव में कार सड़क से फिसलकर पास के खेत में पलट गई।

उन्होंने बताया कि बचावकर्मियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि बच्ची के शव को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए शवगृह में रखवाया गया।

एक अन्य हादसे में मंगलवार तड़के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नचलाना के पास सेब से लदा एक ट्रक खाई में गिर गया। इस हादसे में ट्रक चालक सादिक खान की मौत हो गई, जो राजस्थान का निवासी था।

अधिकारियों ने बताया कि ट्रक के सहायक मोहम्मद सिकंदर को चोटें आईं और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। ट्रक श्रीनगर से गुजरात जा रहा था।

तीसरे हादसे में डोडा जिले के खेलेनी के पास एक मिनी बस पलट गई, जिससे कम से कम चार यात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भाषा पवनेश

पवनेश