मुंबई, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय तटरक्षक बल ने डीजल की तस्करी के संदेह में मुंबई तट के पास मछली पकड़ने वाली एक भारतीय नौका (आईएफबी) जब्त कर उसके चालक दल के सात सदस्यों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
तटरक्षक बल ने बताया कि यह अभियान सोमवार तड़के चलाया गया।
इसने कहा, “समुद्र में चलाए गए एक त्वरित और समन्वित अभियान के दौरान तटरक्षक बल ने मुंबई तट के पास डीजल की तस्करी में शामिल होने के संदेह में भारतीय मछली पकड़ने वाली नौका ‘हरिद्वार कृपा’ को पकड़ा।”
संदिग्ध समुद्री गतिविधियों पर विशेष निगरानी के दौरान मिली सूचना के आधार पर तटरक्षक बल के जहाजों को ‘प्रॉंग्स लाइटहाउस’ के आसपास कड़ी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। गश्त के दौरान तटरक्षक बल के जहाजों ने एक वाणिज्यिक पोत के पास संदिग्ध नौका की गतिविधियां देखीं।
तटरक्षक बल ने कहा, “समुद्री रेडियो संचार माध्यम (वीएचएफ) पर संपर्क करने की कोशिश किए जाने पर नौका की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। उसने बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया और भागने की कोशिश की। तटरक्षक बल के जहाज ने तुरंत उसका पीछा शुरू किया और उसे पकड़ लिया।”
नौका की घेराबंदी करने के बाद तटरक्षक बल के विशेष दल ने उसकी गहन तलाशी ली।
प्रारंभिक जांच के दौरान नौका के कप्तान ने स्वीकार किया कि उसने समुद्र में करीब 4,000 लीटर अवैध डीजल प्राप्त किया था। जांच में यह भी सामने आया कि पीछा किए जाने के दौरान साक्ष्य मिटाने के प्रयास में चालक दल के सदस्यों ने करीब 500 लीटर डीजल समुद्र में बहा दिया था।
तटरक्षक बल ने बताया कि जांच के लिए नौका से संबंधित सभी दस्तावेज और छह मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं।
जब्त नौका, चालक दल के सदस्यों को बाद में मुंबई बंदरगाह लाया गया। वहां तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना, राज्य आसूचना ब्यूरो और पुलिस ने संयुक्त रूप से विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
तटरक्षक बल ने कहा कि यह सफल कार्रवाई पश्चिमी तट पर अनधिकृत और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए उसकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करने की क्षमता को दर्शाती है।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा