जम्मू, 13 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले की मंडी तहसील में भीषण आग लगने से तीन मकान और दो दुकानें जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात लोरन मुख्य चौक के पास एक मकान में आग लग गई, जो जल्द ही आसपास की इमारतों तक फैल गई।
अधिकारियों ने बताया कि दमकल और आपातकालीन सेवा की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हालांकि, आग में मोहम्मद रईज, उनके भाई जहांगीर जरगर और उनके चचेरे भाइयों मोहम्मद यूसुफ तथा हबीब जरगर के तीन मकान और दो दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा