Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

उप्र : न्यूजीलैंड से आए युवक ने सौतेले पिता को गोली मारकर हत्या की, दो गिरफ्तार

रामपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में 30 वर्षीय एक व्यवसायी की उसके कार सर्विस सेंटर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह वारदात उसके 22 वर्षीय सौतेले बेटे ने की, जो हत्या से पांच दिन पहले न्यूजीलैंड से आया था। उसने कहा कि हत्या का कारण उसकी 49 वर्षीय मां की उससे उम्र में काफी छोटे एक व्यक्ति से दूसरी शादी को लेकर नाराजगी थी।

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने पत्रकारों को बताया कि 10 अक्टूबर को हुई इस हत्या के 48 घंटे के भीतर आरोपी अवदीप सिंह और उसके रिश्तेदार राजनदीप सिंह (23) को मिलक खानम इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपराध में कथित रूप से इस्तेमाल ऑल्टो कार, तीन आग्नेयास्त्र, छह कारतूस भी बरामद किए हैं।

उन्होंने कहा, '10 अक्टूबर की शाम मिलक खानम इलाके में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। उसकी दुकान के बाहर एक गाड़ी रुकी, और दो हमलावरों ने बाहर निकलकर गोलीबारी की जिसमें उस व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद उसके पिता ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई।'

अधिकारी के अनुसार, इस घटना का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध था और इसे कई लोगों के बीच प्रसारित किया गया था।

सिंह ने कहा, 'फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनमें से एक मृतक की पत्नी का पहली शादी से बेटा है, जबकि दूसरा उसकी बुआ का बेटा है। दोनों रिश्तेदार हैं।'

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया, 'ऐसा लगता है कि यह हत्या पारिवारिक झगड़े का नतीजा है। मृतक ने अपने से काफी बड़ी उम्र की महिला से शादी की थी। महिला के पहले पति से हुए बेटे उसकी दोबारा शादी करने के फैसले से खुश नहीं थे, और शुरुआती जांच से पता चलता है कि इसी नाराजगी की वजह से हत्या की गई।’’

पुलिस के एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला कि अवदीप हत्या से करीब पांच दिन पहले ही न्यूज़ीलैंड से लौटा था और उसने नवजोत की हत्या के लिए राजनदीप सिंह के साथ मिलकर साजिश रची थी।

अधिकारी ने कहा कि आरोपी अपनी मां कमल कौर की नवजोत से शादी के खिलाफ था, क्योंकि नवजोत उसकी मां से काफी छोटा था।

कमल कौर ने अपने पहले पति की मौत के बाद नवजोत से शादी की थी। पुलिस के मुताबिक, उसके दो बेटे- अवदीप और जोगनप्रीत सिंह - जो न्यूज़ीलैंड में रहते हैं, इस शादी से खुश नहीं थे।

नवजोत के पिता निशान सिंह ने दावा किया कि उनकी बहू के बेटों ने शादी का विरोध किया था और उन्होंने अपनी बहू के लिए सुरक्षा की मांग की है।

भाषा सं जफर मनीषा अविनाश

अविनाश