Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकवादी ठिकाने का पर्दाफाश; एके-47 और छह हथगोले बरामद

जम्मू, 13 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में मंगलवार को एक गुफा के भीतर बने संदिग्ध आतंकवादी ठिकाने का पर्दाफाश किया गया और वहां से एक स्वचालित राइफल, छह हथगोले और कारतूस बरामद हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सेना और पुलिस द्वारा सथराबाण के जंगलों में चलाए गए एक संयुक्त अभियान के दौरान ये हथियार बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि मौके से एक एके-47 राइफल, एक मैगजीन, 30 कारतूस, छह हथगोले और कुछ दवाइयां बरामद की गई हैं। अभियान के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद उधमपुर और कठुआ जिलों में फैले क्रमश: मजालता व बिलावर के ऊपरी इलाकों में तलाश अभियान जारी है।

उन्होंने बताया कि उधमपुर के मजालता स्थित सोआन, खुबान, चोर व नागण तथा कठुआ जिले के सदरौता, भेड व बलोर के वन क्षेत्रों में सोमवार शाम से सेना और पुलिस का संयुक्त अभियान जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक संदिग्धों से आमना-सामना नहीं हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि एक अलग मामले में पुंछ के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में मंगलवार सुबह सेना के जवानों ने सीमा से सटी बाड़ के पास जंग लगी दो बारूदी सुरंगों का पता लगाया।

उन्होंने बताया कि ये बारूदी सुरंगें ट्रैक निर्माण कार्य के दौरान दिखाई दी थीं, जिन्हें बाद में सेना के विशेषज्ञों द्वारा नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया। पिछले एक सप्ताह के दौरान सेना द्वारा इस क्षेत्र में 12 से अधिक बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया जा चुका है।

भाषा खारी संतोष

संतोष