Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

ममता बनर्जी गुट की प्रस्तावित रैली के बारे में आधिकारिक सूचना नहीं मिली: कोलकाता पुलिस आयुक्त

कोलकाता, 13 अक्टूबर (भाषा) कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने मंगलवार को कहा कि शहर में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) गुट की प्रस्तावित रैली के बारे में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।

नंद ने कहा कि पुलिस केवल पोस्टर या सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर व्यवस्था नहीं कर सकती।

नंद ने लालबाजार स्थित पुलिस मुख्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के विरोध में राजाबाजार से पार्क सर्कस तक प्रस्तावित मार्च के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप किस रैली की बात कर रहे हैं? हमें किसी रैली के बारे में कोई जानकारी या आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।’’

नंद ने कहा कि आयोजकों को लिखित आवेदन देना होगा और प्रस्तावित मार्ग, रैली में शामिल होने वाले लोगों की संभावित संख्या तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से चर्चा करनी होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं किसी पोस्टर को देखकर फैसला नहीं ले सकता। हमारी व्यवस्था यह है कि रैली निकालने के सिलसिले में लोगों को अनुमति के लिए लिखित आवेदन देना होता है। इसकी एक प्रक्रिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘रैली के कारण यातायात की समस्या हो सकती है। इसलिए रैली निकालने की योजना बना रहे लोगों को इन सभी बातों का ध्यान रखना चाहिए। उन्हें कानून प्रवर्तन अधिकारियों से इस बारे में चर्चा करनी चाहिए।’’

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस गुट के विधायक कुणाल घोष ने सोमवार को कहा था कि पार्टी के छात्र और युवा संगठनों ने मार्च आयोजित किया है।

उन्होंने कहा था, ‘‘मैं विरोध मार्च में हिस्सा लूंगा, हालांकि मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है कि ‘दीदी’ (बनर्जी) दिल्ली में अपनी मौजूदा व्यस्तताओं के कारण इसमें शामिल हो पाएंगी या नहीं।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी ने रैली के लिए पुलिस से अनुमति ले ली है, घोष ने कहा था, ‘‘मुझे पक्के तौर पर पता नहीं है। लेकिन यह मानकर चलना सही होगा कि हमें पुलिस से मंजूरी नहीं मिलेगी।’’

भाषा जोहेब नरेश

नरेश