हैदराबाद, 13 अक्टूबर (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने यूक्रेन में रूस के रॉकेट हमले में मारे गए जगतियाल जिले के एक श्रमिक के शव को वापस लाने के लिए छह लाख रुपये मंजूर किए हैं।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि अविलाला सुदर्शन यूक्रेन की एक कंपनी में श्रमिक के रूप में काम करते थे। एक सितंबर को रूस के हमले में उनकी मौत हो गयी थी।
सुदर्शन की पत्नी अविलाला भार्गवी ने नौ अक्टूबर को हैदराबाद में ‘सीएम प्रवासी प्रजावाणी’ (जन शिकायत निवारण मंच) में आवेदन देकर अपने पति का शव वापस लाने के लिए आर्थिक सहायता मांगी थी।
तेलंगाना सरकार की प्रवासी भारतीयों की सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष मंदा भीम रेड्डी ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से भार्गवी के लिए छह लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि भारतीय दूतावास ने परिवार को शव वापस लाने के लिए छह लाख रुपये का भुगतान करने की सलाह दी थी, क्योंकि नियोक्ता ने इसका खर्च उठाने में असमर्थता जताई थी।
इस बीच, एजेंटों के झांसे में आकर रूस में युद्ध मोर्चे पर सैन्य कार्यों में लगे तेलंगाना के लोगों में शामिल एस. अशोक ने अपनी पत्नी को एक ऑडियो संदेश भेजकर बताया कि उसके साथी अफजल खान की मौत हो गई है।
हालांकि, सूत्रों ने बताया कि खान की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तेलंगाना के निजामाबाद और कामारेड्डी जिलों के चार लोगों के परिजनों ने हाल ही में ‘सीएम प्रजावाणी’ में आवेदन देकर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से उनकी सुरक्षित वापसी के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया था। इन चार लोगों में अशोक और अफजल खान भी शामिल हैं।
भाषा गोला नरेश
नरेश