Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

बेंगलुरु: पुलिस के साथ मारपीट के आरोप में आईएएस अधिकारी समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

बेंगलुरु, 13 अक्टूबर (भाषा) बेंगलुरु में देर रात एक पब में निरीक्षण के दौरान पुलिस निरीक्षक और उनके सहकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप में आंध्र प्रदेश कैडर के एक आईएएस अधिकारी समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना नौ अक्टूबर को देर रात कब्बन पार्क थाना क्षेत्र के एक पब में अचानक किए गए निरीक्षण के दौरान हुई।

पुलिस ने बताया कि पिछले छह महीने से विशेष जांच टीम में तैनात पुलिस निरीक्षक ने आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी विकास मरमत और तीन अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

प्राथमिकी के अनुसार, कब्बन पार्क और अशोक नगर थाना क्षेत्रों में देर रात बार और रेस्तरां में संदिग्ध लोगों की जांच करने के बेंगलुरु पुलिस आयुक्त के आदेश के बाद नौ अक्टूबर को यह निरीक्षण किया गया था।

प्राथमिकी के अनुसार, पुलिस निरीक्षक अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कब्बन पार्क थाना क्षेत्र के एक पब में पहुंचे। वहां ग्राहकों की उम्र की पुष्टि करने के लिए उनके पहचान पत्रों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान चार लोगों ने कथित तौर पर मामूली बात को लेकर निरीक्षक से बहस शुरू कर दी और उनके साथियों समेत उनके साथ गाली-गलौज की।

शिकायत में विकास मरमत, अभय उदयसिंह, नीतीश और रोशन के नाम शामिल हैं। उन पर पुलिस निरीक्षक को सरकारी ड्यूटी करने से रोकने, पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने तथा उन्हें धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ कब्बन पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 351(2) (आपराधिक धमकी देना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 132 (सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल करना) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश

अविनाश