नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्वाचन आयोग के अभियान को लेकर मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उनकी ‘‘बेशर्मी’’ की कोई सीमा नहीं है।
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम हटा दिए गए थे, उनकी पहचान करने और उन्हें मतदाता सूची में शामिल करने के लिए अभियान शुरू किया गया है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी नीलम मीणा के कार्यालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति का स्क्रीनशॉट ‘एक्स’ पर साझा किया और ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल के सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) ने एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए पात्र मतदाताओं की पहचान करने और उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान शुरू किया है।
रमेश ने कहा, ‘‘विधानसभा चुनाव को खुलेआम धोखाधड़ी से भाजपा की झोली में डालने के बाद सीईसी ने यह प्रेस नोट जारी करवाया है। ज्ञानेश कुमार की बेशर्मी की कोई सीमा नहीं है।’’
भाषा हक हक मनीषा
मनीषा