इंदौर, 13 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को कहा कि उज्जैन में 2028 के दौरान लगने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले के कारण राज्य में पर्यटन और अतिथि सत्कार क्षेत्रों में निजी क्षेत्र के निवेश में लगातार इजाफा हो रहा है।
यादव ने इंदौर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर पर्यटन और अतिथि सत्कार क्षेत्रों में निजी क्षेत्र का निवेश लगातार बढ़ रहा है। इस निवेश से प्रदेश में रोजगार के नये अवसरों का भी सृजन हो रहा है।’’
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उज्जैन-इंदौर मेट्रोपोलिटन क्षेत्र के कारण पश्चिमी मध्यप्रदेश का मालवा अंचल व्यापार-व्यवसाय की दृष्टि से महानगरीय स्वरूप में विकसित हो रहा है।
सिंहस्थ कुंभ मेला भगवान शिव के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग वाली धार्मिक नगरी उज्जैन में हर 12 साल के अंतराल में क्षिप्रा नदी के तट पर लगता है।
अधिकारियों के मुताबिक सिंहस्थ 2028 में देश-दुनिया के लगभग 40 करोड़ लोगों के आने का अनुमान है और प्रदेश सरकार इसके मुताबिक बुनियादी ढांचा तैयार करते हुए पर्यटकों के लिए अलग-अलग सुविधाएं जुटा रही है।
भाषा हर्ष मनीषा खारी
खारी
खारी