Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

उच्चतम न्यायालय तक निकाला गया ‘इंडिया’ गठबंधन का मार्च न्यायपालिका पर दबाव बनाने का प्रयास: शिंदे

मुंबई, 13 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उच्चतम न्यायालय तक विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के मार्च की आलोचना करते हुए मंगलवार को इसे न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का एकमात्र एजेंडा देश में अराजकता और अस्थिरता फैलाना है।

शिवसेना नेता ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विपक्ष से माफी की मांग की।

उन्होंने कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ याचिका दायर करने के लिए निकाले गए मार्च को उच्चतम न्यायालय पर अभूतपूर्व हमला बताया।

विपक्ष ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में अपनी ताकत दिखाते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ संयुक्त याचिका दायर करने के लिए उच्चतम न्यायालय तक ‘लोकतंत्र मार्च’ निकाला था।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह भारतीय इतिहास का काला दिन था। उच्चतम न्यायालय तक मार्च निकालना न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश थी। देश में ऐसा पहली बार हुआ है।’’

उन्होंने कहा कि विपक्ष को अदालत से न्याय मांगने का अधिकार है, लेकिन याचिका दायर करने के लिए मार्च निकालना देश की शीर्ष न्यायपालिका पर हमला और उसका अपमान है।

भाषा जोहेब मनीषा

मनीषा