जयपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) जयपुर में नवरात्र के दौरान गरबा और डांडिया के आयोजन स्थलों के बाहर एक हिंदू संगठन ने सैकड़ों बैनर लगाए हैं, जिनमें गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक की बात कही गई है।
इस संगठन ने आयोजनों पर नजर रखने के लिए 27 दल भी तैनात किये हैं।
सनातन सुरक्षा दल की ओर से शहर में विभिन्न गरबा और डांडिया स्थलों के बाहर लगाए गए बैनरों पर लिखा है, “गरबा पंडालों में गैर-हिंदुओं का प्रवेश वर्जित है।”
संगठन के संस्थापक रवि गौतम ने बताया कि नवरात्र से पहले अभियान चलाया गया था तथा सोशल मीडिया के माध्यम से गरबा आयोजकों से धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक रीति-रिवाजों को बनाए रखने की अपील की गई थी।
उन्होंने कहा कि जयपुर के अलग-अलग क्षेत्रों में 27 दल तैनात किये गये हैं, जो गरबा आयोजकों के संपर्क में रहेंगे और आयोजनों पर नजर रखेंगे।
गौतम ने आयोजकों से प्रतिभागियों के पहचान पत्रों की जांच करने तथा उनके माथे पर तिलक लगाने और कलाई पर कलावा बांधने की व्यवस्था करने की अपील की।
उन्होंने कहा, “गरबा केवल नृत्य का आयोजन नहीं है। यह धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा है, इसलिए इसकी पवित्रता बनाए रखी जानी चाहिए।”
भाषा बाकोलिया मनीषा राजकुमार
राजकुमार