Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

राजस्थान में भारत-पाक सीमा के पास ड्रोन से गिराए गए हथियार जब्त; दो लोग पकड़े गए

जयपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) सुरक्षा एजेंसियों ने राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हथियार और संदिग्ध विस्फोटक जब्त कर पंजाब के दो लोगों को गिरफ़्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार यह विस्फोटक सामग्री पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई थी।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह जब्ती सीमावर्ती रावला मंडी इलाके की ग्राम पंचायत 12 केएनडी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), एंटी-नारकोटिक्स टास्क फ़ोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन 'सीमांतक' के दौरान की गई।

मिली जानकारी के अनुसार बरामद सामान में संदिग्ध आरडीएक्स, दो पिस्तौल, चार मैगजीन, लगभग 650 कारतूस, चार जोड़ी बैटरी और दो रिमोट कंट्रोल शामिल हैं।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने कहा कि ड्रोन का इस्तेमाल करके राजस्थान में बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक गिराए गए थे।

कुमार ने कहा, 'यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि सामग्री किसने भेजी और उनका मकसद क्या था।' उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से इस मामले की जांच कर रही हैं।

अधिकारियों के अनुसार, एएनटीएफ को सोमवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि एक पाकिस्तानी ड्रोन ने सीमावर्ती इलाके में नहर के पास खेत में तीन संदिग्ध पैकेट गिराए हैं।

शुरुआत में शक था कि पैकेट में नशीले पदार्थ हैं। हालांकि संयुक्त तलाशी में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।

मौके पर दो संदिग्ध पकड़े गए जो पंजाब के जालंधर और फिरोजपुर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जब्ती के बाद सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

भाषा पृथ्वी

मनीषा

मनीषा