Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

कानपुर में भाजपा नेता को बंधक बनाकर 15 लाख रुपये और सोने की चेन लूटीं

कानपुर (उप्र), 13 अक्टूबर (भाषा) कानपुर स्थित सेन-पश्चिम पारा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के एक पदाधिकारी को दो नकाबपोश बदमाशों ने उनके फार्महाउस पर बंधक बना लिया और 15 लाख रुपये व सोने की दो चेन लूट लीं। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि लूट के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के लिए चार सुरक्षाकर्मी, चार अंगरक्षक, चालक और नौकर सहित करीब 14 कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है।

लाल ने बताया कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख यादव सोमवार रात लखनऊ से लौटने के बाद अपने फार्महाउस में ठहरे थे, तभी दो नकाबपोश व्यक्ति वहां दाखिल हुए और उन्हें बंधक बनाने के उपरांत नकदी और गले में पहनी सोने की दो चेन लूटकर फरार हो गए।

यादव किसी तरह खुद को मुक्त कराने में सफल रहे और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) विपिन ताडा और पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भाजपा नेता के फार्महाउस पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस इस मामले में जान-पहचान वाले लोगों की मिलीभगत की आशंका की भी जांच कर रही है। संदेह है कि आरोपियों को फार्महाउस में रखी नकदी के बारे में पहले से जानकारी रही होगी।

पुलिस आयुक्त ने कहा, “हमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिल गई है, लेकिन उसमें किसी संदिग्ध चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है। हम सुराग तलाशने के लिए चारदीवारी के पास हुई कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रहे हैं।”

मामले को सुलझाने के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी, अपर पुलिस आयुक्त अरीबा नोमान और अपर पुलिस आयुक्त कृष्णकांत यादव के नेतृत्व में करीब छह पुलिस दल गठित किए गए हैं।

लाल ने कहा कि पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और लूटी गई नकदी तथा कीमती सामान बरामद करने के प्रयास कर रही है।

भाषा सं जफर मनीषा खारी

खारी