Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

शुभमन गिल और शेफाली वर्मा सितंबर महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

दुबई, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय कप्तान शुभमन गिल को मंगलवार को आईसीसी ने रिकॉर्ड पांचवीं बार महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जबकि सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को एशिया कप और एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिये महिला वर्ग में यह सम्मान मिला ।

शुभमन ने वेस्टइंडीज की कप्तान हाले मैथ्यूज की बराबरी कर ली जो पांच बार यह सम्मान पा चुकी हैं । शुभमन को इससे पहले जनवरी और सितंबर 2023 और फरवरी और जुलाई 2025 में चुना गया था ।

वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरूवनंतपुरम में पहले वनडे में 110 रन बनाने वाले शुभमन ने कहा ,‘‘ पांचवीं बार आईसीसी महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जाना अच्छा लग रहा है । मैं इस सम्मान के लिये पैनल को धन्यवाद देता हूं ।’

गिल ने दूसरे मैच में 133 गेंद में 223 रन बनाये थे जिसके दम पर भारत ने 406 रन का लक्ष्य 39 गेंद बाकी रहते हासिल करके आठ विकेट से जीत दर्ज की थी ।

शेफाली ने पिछले साल नवंबर में विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विजयी पारी खेलने के बाद यह पुरस्कार जीता था । उन्होंने महिला एशिया कप में भारत के लिये सर्वाधिक रन बनाये । एशियाई खेलों में बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने नाबाद 100 और श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 48 रन बनाये थे ।

उन्होंने कहा ,‘‘ यह पुरस्कार फिर हासिल करना सम्मान की बात है । एशिया कप और एशियाई खेलों में खिताबी जीत में योगदान देना अच्छा रहा जिससे यह जीत और खास हो गई ।’’

एक ही देश से महिला और पुरूष दोनों क्रिकेटरों को चुने जाने का यह पांचवां मौका है ।

इससे पहले भारत से जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना को जून 2024 में चुना गया था । वहीं अभिषेक शर्मा और मंधाना को सितंबर 2025 में चुना गया ।

शुभमन ने अभिषेक, जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को पछाड़कर यह पुरस्कार जीता । वहीं महिला वर्ग में श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू और भारत की स्पिनर श्री चरणी भी दौड़ में थीं ।

भाषा

मोना

मोना