Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

ठाणे में 25 दिन का लड़का अपहरण के चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद, पांच लोग गिरफ्तार

ठाणे, 13 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 25 दिन के लड़के का कथित तौर पर अपहरण कर उसे बेचने की कोशिश के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने अपहरण के चार घंटे के भीतर मुंबई से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

अंबरनाथ थाने के वरिष्ठ निरीक्षक शब्बीर सैयद ने बताया कि 10 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे अंबरनाथ शहर में बोलने में असमर्थ महिला ने कूड़ा बीनने वाले एक व्यक्ति से जबरन बच्चे को छीन लिया। इसके बाद उसने बच्चे को अपने साथियों को सौंप दिया, जिन्होंने उसे बेचने की योजना बनाई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों में से एक सोनी गणेश (19) को हिरासत में लिया। उसने बताया कि बच्चे को उसकी रिश्तेदार रुकसार फारुख शेख (32) को सौंपा गया था, जो पड़ोसी मुंबई के धारावी इलाके की निवासी है।’’

अधिकारी ने बताया कि तकनीकी खुफिया जानकारी और फोन की गतिविधियों के आधार पर पुलिस टीम ने धारावी में संदिग्ध का पता लगाया और चार घंटे के भीतर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने बोलने और सुनने में असमर्थ पार्वती नागराज (38), सोनी गणेश, शक्तिवेल परमेश्वरम (37), निशा शक्तिवेल (30) और रुकसार फारुख शेख को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा