हैदराबाद, 13 अक्टूबर (भाषा) हैदराबाद में 29 वर्षीय सॉफ्टवेयर कर्मी की एक अपार्टमेंट की 30वीं मंजिल से कथित तौर पर कूदने से मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात नानकरामगुडा इलाके में हुई और कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई।
गच्चीबाउली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान भरत के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु की एक आईटी कंपनी में काम करता था और अपने दोस्त से मिलने हैदराबाद आया था। वह अपने दोस्त के अपार्टमेंट में ठहरा हुआ था।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस को एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें भरत ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। हालांकि, नोट में भरत ने जान देने की स्पष्ट वजह का उल्लेख नहीं किया है।
इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा वैभव
वैभव