Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अल्पसंख्यकों को समान अधिकारों एवं सुरक्षा का दिया आश्वासन

(फाइल फोटो के साथ)

ढाका, 13 अक्टूबर (भाषा) बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कहा है कि उनकी सरकार सभी नागरिकों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, चाहे उनकी धार्मिक पहचान कुछ भी हो।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ के मुताबिक रहमान ने सोमवार को यहां सचिवालय में अपने कार्यालय में हिंदू समुदाय के नेताओं के साथ मुलाकात के दौरान ये बातें कहीं।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि इस देश के नागरिक के तौर पर लोग जिन अधिकारों और सुरक्षा के हकदार हैं, वे उन्हें मिले।’’

उन्होंने कहा कि शासनाध्यक्ष के तौर पर हर नागरिक के अधिकारों को सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है और वह इसे पूरा करने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार ‘हर संभव कोशिश’ करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘इस देश के नागरिक और इंसान होने के नाते, आपके कुछ अधिकार हैं। सरकार के मुखिया के तौर पर, उन अधिकारों को दिलाने की कोशिश करना मेरा कर्तव्य है।’’

रहमान का यह बयान बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय की सुरक्षा और उनके धर्मस्थलों एवं धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा की जरूरत को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच आया है।

वर्ष 2022 की जनगणना के अनुसार, बांग्लादेश की लगभग 17 करोड़ की आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी आठ प्रतिशत (लगभग 1.3 करोड़) है।

प्रधानमंत्री का यह आश्वासन ऐसे समय में आया है जब बांग्लादेश के हिंदू अल्पसंख्यकों के सबसे बड़े धार्मिक त्योहार दुर्गा पूजा के सिलसिले में पूरे देश में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पिछले कुछ वर्षों में, धार्मिक त्योहारों के दौरान हिंदुओं के मंदिरों और प्रतिष्ठानों पर हमलों की घटनाओं ने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ाई हैं। ऐसे में सांप्रदायिक हिंसा को रोकने के लिए कड़े उपायों की मांग उठी है।

भाषा राजकुमार वैभव

वैभव